मुख्यमंत्री ने नैनीताल गुरुद्वारे में माथा टेका, वीर बाल दिवस पर साहिबजादों को दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नैनीताल 26 दिसंबर ।मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर नैनीताल जिला मुख्यालय के मल्लीताल स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका और दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान न केवल भारत के इतिहास में, बल्कि विश्व इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का एक अनुपम एवं अद्वितीय अध्याय है। उन्होंने कहा कि अल्पायु में ही साहिबजादों ने धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए अद्भुत साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने हेतु ‘वीर बाल दिवस’ मनाने की घोषणा उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों तक साहिबजादों की वीरता, शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान नई पीढ़ी को साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है तथा हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित बने रहने की शक्ति प्रदान करता है।
इस अवसर पर विधायक नैनीताल  सरिता आर्या, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह आनंद, सचिव अमरप्रीत सिंह नोनू सहित संदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, जीत सिंह आनंद, जगजीत सिंह, गगनदीप सिंह, जसमीत सिंह, सतनाम सिंह, हरनमन सिंह, अजीत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी  ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें