नैनीताल में 121.52 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नैनीताल, 25 दिसम्बर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल में कुल 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूर्ण दो योजनाओं का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास किया।
लोकार्पित योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से विकसित सूखाताल झील प्रमुख है, जिसे रिचार्जिंग जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन प्वाइंट के रूप में विकसित किया गया है। परियोजना के अंतर्गत सूखाताल झील का संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण, दो झीलों का निर्माण व उनके मध्य डक्ट, जल शुद्धता हेतु एयरेशन प्लांट की स्थापना, नौ दुकानों का निर्माण, शौचालय ब्लॉक, मुख्य मार्ग से लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों ओर पैदल पथ का निर्माण किया गया है।
इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कालाढूंगी रोड में पुस्तकालय के संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं पुनरुद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई योजनाओं में बेतालघाट विकासखंड के दूनीखाल से रातीघाट पाडली मोटर मार्ग पर 9 करोड़ 63 लाख 9 हजार रुपये की लागत से प्री-स्ट्रेस मोटर पुल का निर्माण, नैनीताल जिला मुख्यालय में 34 करोड़ 3 लाख 13 हजार रुपये की लागत से ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शामिल है, जिसमें 202 चारपहिया एवं 96 दोपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
रामनगर में पुरानी तहसील की भूमि पर 38 करोड़ 57 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग, वहीं जिला खनन न्यास निधि के अंतर्गत शंकरपुर एवं जोगीपुरा ग्रामों में पेयजल नलकूपों हेतु सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर की स्थापना के कार्य भी शिलान्यास में शामिल रहे। इसके अलावा बेतालघाट के ग्राम अमेल में लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में विद्यालयों की मरम्मत एवं निर्माण, कालाढूंगी में सड़क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व उपकेंद्र तथा गोला नदी के दानीजाला में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये सभी विकास कार्य जनपद नैनीताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जनोपयोगी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, नवीन वर्मा, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें