
देहरादून 25 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को फ्लैग-ऑफ किया। यह परियोजना ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी व्यक्ति भौगोलिक या आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना आसान होगा। यह पहल प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
परियोजना के प्रथम चरण में जनपद चमोली एवं टिहरी गढ़वाल में दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की गई हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ 29 से अधिक प्रकार की निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श तथा रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक मोबाइल यूनिट में चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
ये मोबाइल यूनिट्स गांवों, कस्बों, स्कूलों एवं बाजारों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पहुंचकर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी। इसके लिए संबंधित जनपदों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन श्री कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी एवं डॉ. सुभाष गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





