देहरादून 25 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तिब्बती मार्केट, देहरादून स्थित ओल्ड मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प माना और युवाओं, खिलाड़ियों व प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सपना देखा। आज खेलों के माध्यम से उभरता सशक्त, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवा भारत उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ यह महोत्सव आज केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को पहचान देने का प्रभावी मंच बन चुका है। इसके माध्यम से स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को भी नया जीवन मिला है तथा हर वर्ग के बच्चों को खेल के अवसर प्राप्त हुए हैं। खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। आज उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी पहचान मिल रही है। राज्य में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जहां प्रतिवर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि से भी सम्मानित किया गया है।
समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, दायित्वधारी विनोद उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।





