- देहरादून 20 दिसंबर।
अग्निपथ–अग्निवीर योजना के खिलाफ उत्तराखंड में कांग्रेस द्वारा चलाई जा रही जनजागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से किया गया। यात्रा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य करण माहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में संचालित की जा रही है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करण माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई अग्निपथ योजना ने देश की सैन्य व्यवस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की आर्थिकी पर भी गहरी चोट की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना में भर्ती आजीविका और सम्मान का सबसे बड़ा माध्यम रही है, लेकिन अग्निपथ योजना लागू होने के बाद युवाओं के सपने टूट गए हैं। चार साल की अस्थायी अग्निवीर भर्ती ने युवाओं का सेना के प्रति आकर्षण कम किया है, जिसका सीधा असर बेरोजगारी बढ़ने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। उन्होंने जनजागरण यात्रा के लिए कर्नल नेगी और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर सेना व सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता और वोट के लिए सेना के नाम का इस्तेमाल करती है, लेकिन अग्निपथ योजना लागू कर नियमित भर्ती बंद कर दी गई है, जिससे सेना की ताकत कमजोर हो रही है। वहीं उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों के लिए गठित उपनल के कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अग्निपथ योजना को देश की सैन्य शक्ति को कमजोर करने वाली विनाशकारी योजना बताया।
पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि जनजागरण यात्रा के पहले चरण को गढ़वाल क्षेत्र में जनता का भरपूर समर्थन मिला। युवाओं और आम जनमानस ने अग्निपथ योजना के दुष्परिणामों को गंभीरता से समझा और सहमति जताई। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में यात्रा 20 दिसंबर की सायं लालकुआं-रामनगर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
21 दिसंबर को रामनगर में रैली और रात्रि विश्राम रानीखेत,
22 दिसंबर को रानीखेत में रैली व रात्रि विश्राम अल्मोड़ा,
23 दिसंबर को अल्मोड़ा में रैली के बाद रात्रि विश्राम हल्द्वानी,
तथा 24 दिसंबर को बिंदुखत्ता और बाजपुर में रैलियां कर यात्रा देहरादून के लिए रवाना होगी।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सुजाता पॉल, शिवांगी मिश्रा, पंकज क्षेत्री, आर.पी. ध्यानी, लेफ्टिनेंट सहदेव शर्मा, गोपाल सिंह गड़िया, बलवीर सिंह पंवार, राजपाल सिंह, महेश कुकरेती, लाल चंद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Author: Day Night Khabar
Post Views: 42






