जागेश्वर धाम, महासू देवता, जादूंग, माणा और नीति–टिम्मरसैण प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
देहरादून, 12 दिसंबर ।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जागेश्वर धाम, महासू देवता, जादूंग, माणा और नीति–टिम्मरसैण में हो रहे कार्यों पर विभागों से जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए कार्य प्रारंभ से लेकर अंतिम चरण तक की स्पष्ट टाइमलाइन और पर्ट चार्ट तैयार किए जाएं, ताकि प्रगति की नियमित समीक्षा संभव हो सके।
उन्होंने भूमि हस्तांतरण और अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि कैंचीधाम में प्रस्तावित नए पैदल पुल, तथा जादूंग में फेस्टिव ग्राउंड के निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अगर आवश्यक हो तो श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव अभिषेक रुहेला सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





