बागेश्वर 7 दिसंबर।

कपकोट, बागेश्वर में रविवार को ऐतिहासिक जनसभा देखने को मिली, जब केदारेश्वर मैदान में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शुरुआत को आकर्षक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर 108 करोड़ रुपये की 42 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 62 करोड़ की 24 योजनाओं का लोकार्पण तथा 45.95 करोड़ की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है, जिससे कपकोट और पूरे बागेश्वर क्षेत्र में नई विकास गति आएगी।
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भारी उपस्थिति यह साबित करती है कि राज्य सरकार विकास के सही पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि गरीबों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
‘मानस खंड माला’ परियोजना के तहत धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन की नई पहल से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन गतिविधियाँ बढ़ेंगी और हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि बागेश्वर की ताम्र शिल्प कला को वन डिस्ट्रिक्ट–टू प्रोडक्ट के तहत राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू एवं गोमती नदियों के संरक्षण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि बागेश्वर रेल लाइन का सर्वेक्षण पूरा हो गया है। उन्होंने गरुड़ अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा भी की, जिससे क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सहकारिता एवं स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई—
- संकल्प स्वायत सहकारिता समूह सीएलएफ (हर्षिला) को ₹3 करोड़ 23 लाख
- ऊर्जा स्वायत सहकारिता सीएलएफ को ₹22 लाख 50 हजार
- संवाद महिला स्वयं सहायता समूह व जय गोलू देवता स्वयं सहायता समूह को ₹5-5 लाख
इसके साथ ही कृषि, उद्यान, रेशम, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, डेयरी, पशुपालन, उद्योग और सहकारिता विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय कारीगरों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, कपकोट और बागेश्वर के विधायकगण, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







