
देहरादून, 23 अप्रैल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जो कार्य अभी लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।मंत्री जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जनपद देहरादून में विभिन्न बाढ़ सुरक्षा कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। इनमें बाल्दी नदी से सहस्त्रधारा बाजार के दोनों तटों पर 2708 लाख रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, कार्लीगाड़ गांव में कार्लीगाड़ नदी पर 503 लाख रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा ग्राम पंचायत धनौला से बांडावाली तक बाल्दी नदी के दोनों तटों पर 854 लाख रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को शासन स्तर पर लंबित प्रस्तावों की शीघ्र स्वीकृति के लिए निरंतर फॉलोअप करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी योजनाएं तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण की जाएं।बैठक में अधीक्षण अभियंता सिंचाई संजय राज, सहायक अभियंता सचिन सेमवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








