सवाड़ (चमोली) 7 दिसंबर ।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चमोली जनपद के सवाड़ पहुँचे, जहाँ क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास, सैनिक कल्याण और खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालदम–देवाल–वाण मोटर मार्ग को नंदा देवी राजजात के आयोजन के उपरांत बीआरओ को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी, जिससे सड़क की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा और बेहतर होगी। उन्होंने रामपुर तोर्ती को कुमाऊं से जोड़ने वाली सड़क को भी सरकार की प्राथमिकता बताया।
युवा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने थराली के तलवाड़ी और नंदानगर (लांखी) में दो मिनी स्टेडियमों के निर्माण को मंजूरी देने की घोषणा की।
सवाड़ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘अमर शहीद सैनिक मेला सवाड़’ को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा की, जिसे ग्रामीणों और पूर्व सैनिक समाज की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सैनिक स्मृति संग्रहालय में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सवाड़ की वीरभूमि राष्ट्रभक्ति, साहस और समर्पण की प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं और यहां आकर उनके पिता द्वारा सुनाई गई वीरगाथाएँ स्मृतियों में ताज़ा हो उठी हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय विदेशों पर निर्भर रहने वाला भारत अब रक्षा उपकरणों का महत्वपूर्ण निर्यातक बन चुका है। हाल ही में सफलतापूर्वक संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सामरिक क्षमता और स्वदेशी हथियारों ने देश की प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है।
राज्य की सामाजिक चुनौतियों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी विकृतियों पर रोक के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं, ताकि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता सुरक्षित रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) को व्यावहारिक रूप से लागू कर जनता से किए वादों को पूरा किया है।
कार्यक्रम में विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद अध्यक्ष रामचन्द्र गौड़, उपाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, मेला समिति अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







