साफ-सुथरी व्यवस्था से यात्रियों को मिली राहत, दुकानदारों ने की सराहना
देहरादून, 05 दिसंबर ।
देहरादून आईएसबीटी में हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद बस अड्डे की व्यवस्था पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। बस अड्डा अब पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और
स्वच्छ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद बस स्टेशन में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। यात्री सूचना बोर्ड और अनाउंसमेंट सिस्टम को दुरुस्त किया गया, जबकि पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्था को और बेहतर बनाया गया है। सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील कर दिए गए हैं तथा सुरक्षा गार्ड लगातार प्लेटफार्म पर पेट्रोलिंग करते नजर आ रहे हैं। पार्किंग व्यवस्था को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है, जिससे यातायात सुचारू हुआ है।
आईएसबीटी में बसों और सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। बस अड्डे को और सुविधाजनक बनाने के लिए बड़े साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, प्लेटफार्मों में क्षतिग्रस्त हिस्सों का पुनर्निर्माण चल रहा है और परिसर में रोड निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। आने वाले समय में यात्रियों को नए प्लेटफार्म की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
स्थानीय दुकानदार सचिन रतूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद आईएसबीटी की सफाई और यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि अब स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय यात्रियों को आसानी से उपलब्ध हैं। आगरा से आए यात्री मोहित बघेल ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक स्थलों के साथ-साथ बेहतर व्यवस्थाओं के लिए भी जाना जाए, यह देखकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने भोजन, पेयजल, शौचालय और एटीएम की सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
आईएसबीटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर केशवानंद गुवाड़ी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद परिसर की रोड निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वच्छ और शुभ यात्रा की संकल्पना अब आईएसबीटी की बदली हुई तस्वीर में स्पष्ट दिखाई दे रही है।









