उपनल कर्मचारी के परिजनों को 50 लाख रुपये की बीमा का चेक दिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 21 अप्रैल। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में दिवंगत उपनल कर्मचारी कविता गुसाईं के परिजनों को ₹50 लाख की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि उपनल द्वारा Punjab National Bank के सहयोग से दी गई।

इस दौरान दिवंगत कर्मचारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंत्री ने कहा कि पीएनबी के साथ हुए एमओयू के तहत उपनल (UPNL) कर्मचारियों के लिए ₹50 लाख का आकस्मिक दुर्घटना बीमा कवर सुनिश्चित किया गया है। ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को यह सहायता प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि अब तक 8 प्रभावित परिवारों को यह बीमा राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही इस सहयोग के लिए बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उपनल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीमा राशि को ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1 करोड़ करने पर विचार किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को और अधिक सहायता मिल सके।

गौरतलब है कि 10 जुलाई को कविता गुसाईं रायपुर-लाडपुर मार्ग पर ड्यूटी से लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनका बाद में निधन हो गया।

इस अवसर पर दिवंगत कर्मचारी की माता निर्मला देवी सहित उपनल एवं बैंक के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें