चम्पावत, 1 दिसम्बर 2025 – उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज चम्पावत जिले में टनकपुर/शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम, बाटनागाड़ और श्यामलाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं बाड़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया।
टनकपुर/शारदा बैराज में मुख्य सचिव ने पर्यटन और एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं की समीक्षा की। शारदा घाट स्थित शारदा करिडोर परियोजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ब्रिडकुल में 480 मीटर लम्बे स्पान पुल की निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बूम और बाटनागाड़ क्षेत्रों में भू-कटाव के स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को पूर्ण चैनलाइजेशन के बाद प्रभावी बाड़ सुरक्षा कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शारदा नदी के तट पर सिंचाई विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा। माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाटनागाड़ मार्ग सुधार हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप चम्पावत में विकसित Spiritual Economic Zone एवं इको-टूरिज्म को मजबूत करने हेतु मुख्य सचिव ने श्यामलाताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि, उद्यान और एनआरएलएम द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और लाल चावल, लाल धान, मधुमक्खी पालन और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन व बाजार उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।








