मुंबई 30 नवंबर 2025 – वॉलेट सिर्फ़ रोज़मर्रा की चीज़ें रखने का साधन नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए भावनाओं और यादों का ख़ज़ाना भी होता है। ऐसा ही खुलासा सोनी सब के लोकप्रिय कलाकारों ने किया है। ‘इत्ती सी ख़ुशी’ और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के कलाकारों रजत वर्मा, श्रेय मराड़िया और गौरव चोपड़ा ने बताया कि वे अपने वॉलेट में कौन-सी खास और भावनात्मक चीज़ें संभालकर रखते हैं।
‘इत्ती सी ख़ुशी’ में विराट वर्मा का किरदार निभा रहे रजत वर्मा ने कहा कि उनके वॉलेट में हमेशा उनकी मां की छोटी-सी तस्वीर रहती है। यह तस्वीर उन्हें हर दिन याद दिलाती है कि जब वे अपने सपनों के पीछे भाग रहे थे, उनकी मां ने हमेशा उन पर भरोसा किया। रजत कहते हैं, “ये सिर्फ़ एक तस्वीर नहीं, बल्कि बेशर्त प्यार और अपने सपनों का पीछा करने की हिम्मत की निशानी है।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में ऋषभ का किरदार निभा रहे श्रेय मराड़िया ने बताया कि वे अपने वॉलेट में एक पुरानी, फीकी पड़ चुकी बस की टिकट रखते हैं, जो उन्होंने वर्षों पहले अपने पिता के साथ की यात्रा की याद में संभाल कर रखी थी। यह टिकट उन्हें अपने बचपन, पिता के साथ बिताए लम्हों और जीवन मूल्यों की याद दिलाती है।
वहीं, ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में प्रोफेसर राजवीर शास्त्री का किरदार निभा रहे गौरव चोपड़ा ने कहा कि उनके वॉलेट में उनके पिताजी द्वारा लिखी कुछ प्रेरणादायक पंक्तियाँ रहती हैं। ये पंक्तियाँ उन्हें चुनौतियों का सामना करने और सही निर्णय लेने की ताकत देती हैं। गौरव बताते हैं कि यह उनके लिए पिता के प्यार और उनकी सीखों को हर समय अपने साथ रखने का तरीका है।
सोनी सब के दर्शक इन दिल छू लेने वाली छोटी-छोटी कहानियों के साथ अपने पसंदीदा कलाकारों के निजी जीवन की झलक भी देख सकते हैं। ‘इत्ती सी ख़ुशी’ और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हर सोमवार से शनिवार, केवल सोनी सब पर प्रसारित होते हैं।









