देहरादून, 1 दिसम्बर ।
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आज डोईवाला से ऋषिकेश तक विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष तिवारी राज्यभर में प्राधिकरण द्वारा संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार फील्ड विज़िट कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने डोईवाला, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में एमडीडीए की प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
डोईवाला में विकसित किए जा रहे आधुनिक पार्क का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने पहाड़ी संस्कृति पर आधारित म्यूरल, सेल्फी प्वाइंट, घास पेंटिंग सहित अन्य सौंदर्यात्मक कार्यों की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कलात्मक निर्माण उच्च मानकों के अनुरूप हों और स्थानीय संस्कृति को सही रूप में अभिव्यक्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि पार्क क्षेत्र में स्वच्छता, आकर्षक वातावरण और सुरक्षित व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों के लिए यह एक उपयोगी व आकर्षक स्थल बन सके।
उपाध्यक्ष तिवारी ने नगर पालिका द्वारा निर्मित मोक्ष धाम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की भूमिगत संरचनाओं, सौंदर्यीकरण और उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण करते हुए कहा कि मोक्ष धाम जैसे संवेदनशील स्थल पर उच्च गुणवत्ता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने ऋषिकेश में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग एवं कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, संरचना की मजबूती, साइट प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ऋषिकेश की पार्किंग समस्या को कम करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और पर्यटन व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य समय पर पूरा हो, उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही उपयोग किया जाए और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग हो।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने ऋषिकेश कैम्प कार्यालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट और जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड विज़िट और जनसुनवाई की गति बढ़ाई जाए तथा सभी निर्माण कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से मुख्यालय भेजी जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सुनील उप्रेती, प्रा० उद्यान अधीक्षक भानुप्रिया, उसमान अली सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपाध्यक्ष तिवारी ने सभी अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि एमडीडीए की परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य है कि देहरादून, डोईवाला और ऋषिकेश में शहरी विकास कार्य समयबद्ध और उच्च मानकों के अनुरूप पूरे हों तथा जनता को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।








