देहरादून 29 नवंबर ।
चरखी गेट, कौलागढ़ क्षेत्र में प्रतिदिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 82 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक रामरतन रावत को आज ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान, देहरादून द्वारा सम्मानित किया गया।
चरखी गेट, कौलागढ़ क्षेत्र में प्रतिदिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 82 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक रामरतन रावत को आज ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान, देहरादून द्वारा सम्मानित किया गया।एफ आईआरआई के चतुर्थ श्रेणी से सेवानिवृत्त रामरतन रावत पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन सुबह और शाम लगभग 6 घंटे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर उपस्थित रहकर चरखी गेट क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हैं। यह महत्वपूर्ण मार्ग सेलाकुई–विकासनगर को कौलागढ़, बल्लूपुर और घंटाघर से जोड़ता है, जहाँ प्रतिदिन भारी वाहनों का दबाव रहता है।
सम्मान समारोह में रामरतन रावत ने कहा कि क्षेत्र में जाम की समस्या लगातार बढ़ रही थी, जिससे कौलागढ़ के निवासी परेशान थे। उन्होंने बताया कि “घर बैठने के बजाय मैंने स्वयं सड़क पर उतरकर ट्रैफिक नियंत्रित करने का निर्णय लिया। प्रतिदिन 6 घंटे निस्वार्थ सेवा करना ही मेरा कर्तव्य बन गया। समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान मेरे लिए अप्रत्याशित और प्रेरणादायी है। ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान के अध्यक्ष अभिनव थापर ने रामरतन रावत को सम्मान-पत्र और शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामरतन रावत समाज सेवा की जीवंत मिसाल हैं। 82 वर्ष की आयु में भी उनकी ऊर्जा और समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उनकी निस्वार्थ सेवा समाज को मजबूत करती है और हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उन्हें सम्मानित करने का अवसर मिला ।
सम्मान कार्यक्रम में अभिनव थापर, विनोद जोशी, यशपाल धवन, नीरज नौटियाल, हरि सिंह मेहरा, मुनेंद्र पंवार, गौरव गुप्ता, रघुवर दयाल सहित अनेक स्थानीय नागरिक, व्यापारी वर्ग और युवा उपस्थित रहे। सभी ने ऐसे सेवाभावी नागरिकों को निरंतर सम्मानित करने का संकल्प लिया।
अंत में ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान ने प्रशासन से मांग की कि चरखी गेट क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था के लिए शीघ्र उचित समाधान लागू किए जाएँ, जिससे स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
Author: Day Night Khabar
Post Views: 31







