मुंबई 24
नवम्बर 2025।
सोनी सब पर प्रसारित हो रहा पारिवारिक धारावाहिक ‘इत्ती सी खुशी’ अपनी भावनात्मक कहानी के चलते दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बना हुआ है। परिवार, रिश्तों और संघर्षों पर आधारित यह शो अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) की जिंदगी के इर्द–गिर्द घूमता है, जो अपने पिता सुहास (वरुण बडोला) की नशे की लत से लड़ाई हो या प्यार और दोस्ती के बीच उलझा रिश्ता — हर चुनौती के बावजूद परिवार को एकजुट रखने का प्रयास करती है।
इसी बीच शो में मशहूर अभिनेत्री उत्कर्षा नाइक की दमदार एंट्री होने जा रही है। वे माधवी भोसले का किरदार निभाएँगी, जो संजय भोसले (ऋषि सक्सेना) की माँ और अन्विता के बचपन के दोस्त के परिवार की महत्वपूर्ण सदस्य हैं। माधवी के रूप में उत्कर्षा अनुशासित, परंपराओं में रची–बसी और शांत लेकिन मजबूत इरादों वाली स्कूल टीचर के रूप में दिखाई देंगी। एक सिंगल मदर का किरदार निभाते हुए वे अपने बेटे के भविष्य की नींव मजबूती से गढ़ती नजर आएंगी। उनके जुड़ने से कहानी में नए मोड़, गहराई और आकर्षण आने की उम्मीद है।
शो में शामिल होने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए उत्कर्षा नाइक ने कहा,
“इत्ती सी खुशी का हिस्सा बनकर मैं बेहद उत्साहित हूँ। यह शो भावनाओं और रिश्तों को बहुत सुंदर ढंग से कहता है। जैसे ही मैंने इस किरदार को पढ़ा, मुझे इस महिला से गहरा जुड़ाव महसूस हुआ। माधवी ऐसी माँ है जो मूल्यों से भरी है, अनुशासित है, लेकिन अनजाने में ही उसके भीतर एक प्यारी–सी सहज हंसी भी है। उसका शांत स्नेह और बेटे के लिए निस्वार्थ प्रेम ही उसे सबसे खास बनाता है। मुझे भरोसा है कि दर्शकों को उसमें अपनी माँ, बुआ या किसी टीचर की झलक जरूर मिलेगी।”
दर्शक भी अब इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि शो में माधवी भोसले की एंट्री के बाद अन्विता, संजय और विराट के रिश्तों की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी।








