हरिद्वार 26 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से मां मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण और कटाव रोकने के लिए पुनर्निर्माण कार्यों को भारत सरकार से मंजूरी मिल गई है। इससे मां के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अब अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।
ज्ञातव्य है कि वर्षा और भू-स्खलन के कारण मनसा देवी का पैदल मार्ग कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया था। जिला प्रशासन ने इस मार्ग की मरम्मत के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति मांगी थी। मुख्यमंत्री धामी के विशेष प्रयासों के बाद बोर्ड की 85वीं बैठक में राजाजी नेशनल पार्क रिजर्व वन क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्यों की अनुमति प्रदान की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि मार्ग के सभी पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य गुणवत्ता एवं तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि “मां मनसा देवी हरिद्वार की पहचान है, इसलिए इस क्षेत्र को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।”
सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता ने बताया कि पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण और हिल ट्रीटमेंट कार्यों के लिए भारत सरकार से 156.48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत और पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है।








