बेरीनाग 25 अक्टूबर ।खितोली ग्राम में आयोजित 10 दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पिथौरागढ़ से पधारे आचार्य श्री किशोर जोशी ने अपनी मधुर वाणी में ब्रह्मा वर्णन, मां भगवती और नारद की कथा का श्रवण कराया।
आचार्य जोशी ने अपनी प्रभावशाली एवं मनोरंजक शैली में कथा प्रस्तुत करते हुए भक्तों को अध्यात्म के सागर में डुबो दिया। बीच-बीच में प्रस्तुत किए गए भजनों और प्रसंग आधारित गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं मंच पर हुई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने भी सभी को झूमने और नाचने पर विवश कर दिया।
कथावाचक ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बताया कि चाहे कोई भी अवतार क्यों न हो, उसका उद्देश्य सदैव धर्म की स्थापना ही होता है।कथा श्रवण के लिए खितोली सहित आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
संगीतकार गणेश कांडपाल और ढोलक वादक अंकित जोशी ने अपने भजनों से वातावरण को पूर्णत: भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान किशन पंत, पुजारी आनंद बल्लभ पंत सहित भुवन चंद्र पंत, कैलाश पंत, रमेश चंद्र पंत, तारा दत्त पंत, भगवती प्रसाद पंत, गिरीश चंद्र पंत, प्रदीप पंत, सुरेश पंत, धीरज पंत, दिव्यांशु पंत, अशोक पंत, विजय पंत, हिमांशु पंत, मनोज पंत, हरीश पंत, दीपक पंत, निखिल पंत, मयंक पंत, विमलेश पंत, हेम पंत, मोना पंत आदि क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











