



चंपावत, 24 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय चंपावत दौरे के दौरान बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में आयोजित भैया दूज (च्यूड़ा पूजन) समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने कुमाऊं की गौरवशाली परंपरा का प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक ‘सर पूजन’ किया।
महिलाओं ने इस पवित्र अनुष्ठान के माध्यम से मुख्यमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और मंगलमय भविष्य की कामना की। यह पूजन भाई-बहन के अटूट स्नेह और लोक परंपराओं के प्रति कुमाऊंवासियों की गहरी आस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, और ऐसे पर्व हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी माताओं और बहनों को भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
शारदा घाट पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रदेश की सुख-शांति की कामना की
मुख्यमंत्री ने टनकपुर स्थित शारदा घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को यह आरती अपनी ओर आकर्षित करती है। शारदा घाट की आरती से न केवल धार्मिक वातावरण का संचार हुआ है, बल्कि इससे क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








