देहरादून 23 अक्टूबर। दून अस्पताल के सामने युवक पर गोली चलाने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को घायल कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक एक सफेद स्कूटी पर सवार होकर छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल बैरिकेडिंग और चेकिंग शुरू की। इस दौरान स्कूटी सवार संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया। बाद में कांबिंग के दौरान तड़के सुबह तीसरे आरोपी को भी डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाशों की पहचान सोहेल खान (25) निवासी ई.सी. रोड करनपुर और सानू (23) निवासी चावला चौक, करनपुर के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी जावेद (30) निवासी सहारनपुर का रहने वाला है। इनके पास से दो तमंचे, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने यह वारदात काव्यांश धामा, रोहन और विशाल के कहने पर की थी। पैसों के लेनदेन के विवाद में उन्होंने दून अस्पताल के पास दिशांत नामक युवक पर गोली चलाई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही रोहन आर्य और विशाल तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक इस फायरिंग कांड में कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी
है।
अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमले और अवैध हथियार रखने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।








