


रुद्रप्रयाग/केदारनाथ 23 अक्टूबर। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम कपाट भैयादूज के पावन अवसर पर गुरुवार प्रातः 8:30 बजे शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने की पावन बेला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कपाट बंद होने से पहले मंदिर को भव्य रूप से पुष्पों से सजाया गया। सेना के बैंड की भक्ति धुनों और “हर हर महादेव”, “जय बाबा केदार” के जयघोषों से पूरी केदारपुरी गूंज उठी। कड़ाके की ठंड के बावजूद करीब दस हजार श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मुख्य पुजारी बागेशलिंग और आचार्यगणों ने यज्ञ, हवन और समाधि पूजन किया। इसके बाद भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को ब्रह्मकमल, बुकला, कुमजा, राख जैसे स्थानीय पुष्पों से ढककर समाधि रूप दिया गया और गर्भगृह के द्वार बंद किए गए।
कपाट बंद होने के बाद मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति में मंदिर के पूर्वी और दक्षिणी द्वार भी विधिवत रूप से बंद किए गए। तत्पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली मंदिर की परिक्रमा के बाद रामपुर के लिए रवाना हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन के अनुरूप केदारपुरी का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण कार्य संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें 17.68 लाख से अधिक श्रद्धालु केवल बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने यात्रा की सफलता में सहयोग देने वाले सभी विभागों, सुरक्षा बलों, मंदिर समिति, स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यात्रा संचालन इस वर्ष अत्यंत सुचारु और सफल रहा तथा प्राकृतिक आपदा को छोड़कर सभी व्यवस्थाएं ठीक रहीं।
सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी चारधाम गद्दी स्थलों की यात्रा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल श्रद्धालुओं को पूजन-अर्चन का अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, होमस्टे और होटल संचालकों की आजीविका भी बनी रहेगी।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी डोली आज रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी। शुक्रवार को डोली गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी और शनिवार को शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के श्री ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, कृषि विपणन बोर्ड अध्यक्ष अनिल डब्बू, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।








