

चंपावत, 19 अक्टूबर। दीपों के पर्व दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार शुक्रवार को मौड़ा गाँव पहुँचे और मौड़ा दीपावली महोत्सव में सहभाग किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं और सभी को पर्व की शुभकामनाएँ दीं।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएँ सुनीं। इस दौरान महिलाओं ने जलापूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़कों की मरम्मत से जुड़ी शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “त्योहार केवल आनंद का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और विकास की भावना को प्रबल करने का अवसर भी हैं।”
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने माताओं, बहनों और ग्रामीणों से आत्मीय वार्ता की और सभी को स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएँ उपस्थित रहे।








