कहा — आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के समग्र विकास का बनेगा केंद्र ‘हर्बल वर्ल्ड हिमालय श्री धन्वंतरि धाम’
देहरादून 19 अक्टूबर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को यमकेश्वर के मालाग्राम में आयोजित ‘प्रथम धन्वंतरि महोत्सव’ में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने सभी को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यमकेश्वर में स्थापित ‘हर्बल वर्ल्ड हिमालय श्री धन्वंतरि धाम’ आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा का विश्व का एकमात्र समग्र केंद्र बनेगा। यह भारत की आरोग्य संस्कृति का जीवंत प्रतीक होगा, जहां वनस्पति विज्ञान आधारित नौ प्रमुख चिकित्सा पद्धतियों और विश्व की लगभग 964 चिकित्सा विधाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र स्थल आयुर्वेद, योग, औषधीय वनस्पतियों और समग्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद एक ऐसी विशिष्ट चिकित्सा प्रणाली है, जो मानवता के आरोग्य का आधार रही है और आज इसकी स्वीकार्यता विश्व स्तर पर बढ़ रही है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राचीन काल से ही औषधीय संपदा की भूमि रहा है। पर्वतीय अंचलों में पाई जाने वाली जड़ी-बूटियों ने आयुर्वेद को आरोग्य का आधार स्तंभ बनाने में अहम योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहन देने के लिए आयुष मंत्रालय की स्थापना की गई, जिसके तहत राष्ट्रीय आयुष मिशन और प्रकृति परीक्षण अभियान जैसे कार्यक्रमों से नागरिकों में स्वास्थ्य और आरोग्य का प्रसार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी प्रदेश में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सभी जनपदों में 50 और 10 बेड वाले आयुष चिकित्सालयों की स्थापना की जा रही है। आयुष नीति के तहत औषधि निर्माण, वेलनेस, शिक्षा, शोध और औषधीय पौधों के संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
राज्य सरकार आयुष टेली-कंसल्टेशन सेवाएं शुरू करने के साथ 50 नए योग व वेलनेस केंद्रों की स्थापना पर भी कार्य कर रही है। योग, ध्यान और प्राकृतिक चिकित्सा के शोध के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन की स्थापना की जा रही है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और बाबा हटयोगी उपस्थित रहे।








