

देहरादून, 16 अक्टूबर ।
जिला प्रशासन की पहल पर आर्थिक तंगी से जूझ रही विधवा शोभा रावत को बड़ा राहत मिला है। आईसीआईसीआई बैंक ने जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद उनका घर के कागजात वापस कर दिए हैं। शोभा गुरुवार को अपने दिव्यांग बेटे व बेटी के साथ कलेक्टरेट पहुंचीं और जिलाधिकारी सविन बंसल व उनकी टीम को धन्यवाद दिया।बताया गया कि शोभा के पति की वर्ष 2024 में आकस्मिक मृत्यु के बाद उन पर करीब 17 लाख रुपये का बैंक कर्ज था। ऋण बीमा होने के बावजूद बैंक ने पूरे कर्ज को माफ नहीं किया था और 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण शोभा किस्तें जमा नहीं कर पा रहीं थीं। पिछले माह उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई थी।डीएम सविन बंसल ने तुरंत एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी को मामले की जांच और बैंक से समन्वय के निर्देश दिए। प्रशासन की पहल और लगातार फॉलोअप के परिणामस्वरूप बैंक ने शोभा के 5 लाख रुपये के बकाये को मात्र 10 हजार रुपये में सेटल कर “नो ड्यूज सर्टिफिकेट” जारी कर दिया। साथ ही घर के सभी दस्तावेज भी लौटा दिए।डीएम ने शोभा को आगे जीवन यापन में मदद देने के लिए राइफल क्लब से आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक पीड़ित परिवार को राहत दी बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास भी बढ़ाया है। डीएम सविन बंसल के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, ऋणमाफी और संपत्ति वापसी से जुड़ी कई शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है ।








