सीएम धामी ने चंपावत में निकाली जीएसटी जागरूकता रैली व्यापारियों और जनता से की बातचीत, बोले— “स्वदेशी अपनाएं, आत्मनिर्भर भारत बनाएं”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत 15 अक्टूबर।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चंपावत मुख्यालय में जीएसटी जागरूकता रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार में घूमकर व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया तथा हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा घटाए गए जीएसटी स्लैब की जानकारी साझा की। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे घटी हुई जीएसटी दरों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं ताकि उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी मुख्य बाजार में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों, जैसे प्रकाश तिवारी की तिवारी स्वीट्स, मयूख चौधरी का चौधरी वस्त्र भंडार और बस स्टेशन पर प्रकाश तिवारी के जनरल स्टोर पहुंचे। वहां उन्होंने व्यापारियों से नए जीएसटी दरों पर चर्चा की और उनका फीडबैक लिया।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से कई आवश्यक उत्पादों और सेवाओं पर जीएसटी स्लैब में कमी की है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव “नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी” की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे देश की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर न केवल स्थानीय व्यापारियों को सशक्त बनाना है, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करनी है।

सीएम ने कहा, “स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अपनाना आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का सबसे प्रभावी तरीका है।” उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने व्यापार में स्वदेशी वस्तुओं को प्रमुखता दें और उपभोक्ताओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।

रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कई दुकानों पर रुककर लोगों से बातचीत की और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत का मार्ग चंपावत जैसे जिलों से होकर गुजरता है”, और यहां के लोग अगर ठान लें तो यह जिला पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बन सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें