चंपावत 15 अक्टूबर

।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चंपावत जिले को बड़ी सौगात दी। जीजीआईसी चंपावत में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹115.23 करोड़ की लागत से 43 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹51.37 करोड़ की 22 योजनाओं का लोकार्पण और ₹63.86 करोड़ की 21 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सभी योजनाएं “आदर्श चंपावत” के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि चंपावत उत्तराखंड की आत्मा है, और राज्य सरकार का लक्ष्य इसे “मॉडल जिला” के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में संतुलित और गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनका कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, करियर और जीवन मूल्यों पर चर्चा की तथा विद्यालय व्यवस्था पर फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने जीजीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित “आमनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत आत्मनिर्भर भारत, नशामुक्त समाज, स्वच्छता, जल संरक्षण और आदर्श चंपावत के निर्माण हेतु डिजिटल हस्ताक्षर भी किए।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा, बराकोट ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।








