स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान से जुड़े हजारों लोग : डॉ. धन सिंह रावत प्रदेशभर में लगे 4114 स्वास्थ्य शिविर, बड़े स्तर पर हुआ रक्तदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 17 सितम्बर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ एवं ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ किया। इसी कड़ी में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।

अभियान की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में हजारों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लिया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। यह अभियान परिवार और समाज दोनों की मजबूती की आधारशिला है।” उन्होंने आमजन से इसे जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान प्रदेश की माताओं और बहनों के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह अभियान दो अक्टूबर तक चलेगा।

चिकित्सा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेशभर में इस अभियान के तहत 4114 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविरों में जनप्रतिनिधियों और प्रभारी मंत्रियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन अभियान की मॉनिटरिंग होगी, जिसके लिए जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर, सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें