
देहरादून, 15 सितम्बर। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में जनपद एवं अधीनस्थ न्यायालयों, पारिवारिक न्यायालयों आदि के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण पर चर्चा की गई। उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और देहरादून को शीघ्र भूमि चिन्हित कर हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने आगामी 21 सितम्बर को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पारदर्शिता और सफलता के साथ आयोजित हो। गोपनीय सामग्री को डबल लॉक, सीसीटीवी और सुरक्षा गार्डों की निगरानी में सुरक्षित रखने, संवेदनशील जिलों की सीमाओं पर सघन चेकिंग और नकल रोकने हेतु संदिग्ध लोगों व कोचिंग संस्थानों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, यूकेएसएसएससी अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया, सचिव शैलेश बगौली समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी और जनपद न्यायाधीश उपस्थित रहे।









