
देहरादून 27 जून ।उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को चुस्त दुरुस्त बनाने के लिए जिला महानगर ब्लॉक व यहां तक की बूथ कांग्रेस कमेटियों के गठन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन अवश्य लें व उनको जिले से लेकर बूथ कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में आदर पूर्वक आमंत्रित कर उनका मार्गदर्शन लें यह बात उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला महानगर देहरादून व प्रदेश महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि हर बड़ा नेता पदाधिकारी, सांसद,विधायक, या सांसद व विधायक का चुनाव लड़ा व्यक्ति किसी ना किसी पोलिंग बूथ में मतदाता है इसलिए उनका मार्ग दर्शन व सहयोग लेना अति आवश्यक है। श्री शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह,पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल जैसे अनुभवी व वरिष्ठ नेता हैं और प्रदेश के किसी भी जिले महानगर ब्लॉक या बूथ तक के कार्यक्रम में अगर इनको आमंत्रित किया जाएगा तो वे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए वहां अवश्य पहुंचेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि आगामी ३० जुलाई तक हमें पार्टी व पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों का बूथ स्तर तक गठन पूरा कर लेना है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत ने कहा कि प्रदेश के सह प्रभारी पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के सुझाव सुनने के लिए निरंतर उपलब्ध है और किसी भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी को पार्टी संगठन के बारे में कोई सुझाव देना है वह सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा से मिल कर अपनी बात कह सकता है उस पर सकारात्मक कार्यवाही होगी।








