देहरादून नारायण दत्त भट्ट। 06 जून।
देहरादून के विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र के खुशहालपुर में बदमाशों ने तमंचे के बल व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी लूटी बाद में घर के बाहर खड़ी स्कूटी ले कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बता कर घर में घुसे। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले के खुलासे में लग गई है । पुलिस हर एंगिल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों का पता लगाकर इस मामले का खुलासा किया जाएगा ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब डेढ़ बजे चार बदमाश खुशहालपुर में व्यापारी फुरकान अहमद के घर में छत के रास्ते चार नाकाबपोश बदमाश दाखिल हुए। फुरकान उनकी पत्नी, भतीजा, भतीजी और दो बेटियां बरामदे में सोए हुए थे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो छोटे बच्चों को छोड़कर परिवार के सभी लोगों को घर के एक कमरे के भीतर ले गए।
बदमाशों ने स्वयं को क्राइम ब्रांच के अधिकारी बताया और फुरकान को नशा कारोबारी और बदमाश बताकर धमकाने कर कहा कि फुरकान की प्रतिदिन की 50 हजार की आमदनी है और घर में लाखों के गहने और नगदी होने की सूचना है। बदमाशों ने गद्दे और सोफे के सीट भी फाड़ दी।
बदमाशों ने फुरकान की पत्नी को छोड़कर सभी के हाथ बांध दिए। उसके बाद छोटे बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर फुरकान की पत्नी को तिजोरी वाले कमरे में चलने ले गये और तिजोरी खोलने के बाद बदमाशों ने उसमें से करीब 80 हजार की नगदी और आभूषण निकल लिए। उसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और घर के बाहर खड़ी स्कूटी लेकर फरार हो गए। बाद में फुरकान अहमद ने लूट की सूचना पर पुलिस को दी । लूट की सूचना मिलने पर एसपी देहात लोकजीत सिंह, सीओ विकासनगर भास्कार लाल शाह और थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।








