चंपावत 26 अप्रैल ।
आगामी मानसून काल को देखते हुए शनिवार टनकपुर क्षेत्र में सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बाढ़ संभावित इलाकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उचोलीगोट, गैंडा खाली, आमबाग, बुचड़ीनाला, महाराणा प्रताप गेट तथा आर्मी कैंट क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों का सर्वेक्षण कर बाढ़ से प्रभावित होने की संभावनाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग को पुराने नालों की शीघ्र सफाई कराने एवं सुरक्षात्मक दीवार के निर्माण एवं रिवर ट्रेनिंग करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। टीम ने जल निकासी के पुराने रास्तों को दुरुस्त करने और संभावित जोखिमों को कम करने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।संयुक्त निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) श्री आकाश जोशी एवं सिंचाई विभाग के एसडीओ श्री आर. के. यादव भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन और विभागीय टीमें मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।








