मुख्य सचिव ने काशीपुर में विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


काशीपुर।उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को काशीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिडकुल द्वारा विकसित किए जा रहे एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी), हेमपुर नेपा फार्म की भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिडकुल अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि 133 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में कुल 56 प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों की ओर से पूछताछ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि 177 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा किया जा रहा है। परियोजना को पूरा करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। धनराशि स्वीकृत होते ही शेष कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। इस दौरान मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधरोपण भी किया।इसके बाद मुख्य सचिव ने सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।मुख्य सचिव ने काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का भी निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि काशीपुर से रामनगर की ओर 18.26 किलोमीटर लंबाई के फोरलेन मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत 494.45 करोड़ रुपये है। परियोजना का टेंडर हो चुका है तथा भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से बाईपास परियोजना की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें