आदि गौरव महोत्सव में छाई उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संगीता ढौंडियाल, बंटी राणा, अनिल रावत और राकेश खनवाल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, जनजातीय हस्तशिल्प भी बना आकर्षण का केंद्र

देहरादून, 17 नवंबर। परेड ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय आदि गौरव महोत्सव के तीसरे दिन उत्तराखण्ड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक संगीत और पारंपरिक हस्तशिल्प के रंग देखने को मिले। विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक गायकों के गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष लीलावती राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। राज्य जनजातीय शोध संस्थान की ओर से आयोजित महोत्सव में विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकारों और शिल्पकारों ने अपनी पारंपरिक कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन किया।

महोत्सव में लगी प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित परिधान, लकड़ी की कलाकृतियां, सजावटी वस्तुएं, जैविक खाद्य सामग्री और पहाड़ी मोटे अनाज की विभिन्न किस्में आकर्षण का केंद्र रहीं। लोगों ने जनजातीय उत्पादों और हस्तशिल्प में विशेष रुचि दिखाई। जनजातीय कल्याण विभाग के उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी ने कहा कि महोत्सव जनजातीय शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने का बेहतर मंच बन रहा है।

सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायिका संगीता ढौंडियाल ने ‘टैं दिल्ली गुजरात’, ‘जय भोले’, ‘ढोल दमाऊ बाजी गेना’ और ‘छुम छुम घुंघरू’ जैसे गीतों से समां बांधा। बंटी राणा ने ‘कमली मस्तान दी’ और ‘भोले दा डमरू’ से दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं राकेश खनवाल ने ‘हिमुली’ और ‘मोहन माधुरी’ की प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अनिल रावत की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा समेत कई राज्यों के जनजातीय दलों ने पारंपरिक नृत्य, संगीत और वेशभूषा के माध्यम से अपनी संस्कृति की झलक पेश की। उत्तराखण्ड के जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों की प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहीं।

महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय विरासत को बढ़ावा देने के साथ पारंपरिक कला और शिल्प का संरक्षण करना तथा जनजातीय समुदायों को व्यापक पहचान दिलाना है। चार दिवसीय महोत्सव का समापन 18 नवंबर को होगा। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला है। इसमें प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें