कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा छह दिवसीय दौरे पर कल पहुंचेंगी टनकपुर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठकों में करेंगी प्रतिभाग, लोहाघाट में जनसभा को भी करेंगी संबोधित

देहरादून 16 नवंबर।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा 17 नवंबर से छह दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता बैठकों और भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में प्रतिभाग करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह ने बताया कि कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर दो बजे पिथौरागढ़ में कार्यकर्ता बैठक और हस्ताक्षर अभियान में शामिल होंगी।

उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे बेरीनाग में, 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में और 21 नवंबर को सुबह 11 बजे थराली में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। दौरे के अंतिम दिन 22 नवंबर को सुबह 11 बजे देहरादून में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है।

कुमाऊं मंडल के इस दौरे में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सहप्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल थराली से दौरे में शामिल होंगे।

राजेंद्र शाह ने बताया कि प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा 15 से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों का दौरा करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें