
देहरादून 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। उन्होंने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाने में सहायक होंगे। इससे क्षेत्रवार जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल स्व-गणना की सुविधा से नागरिक घर बैठे अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक परिवार की सही जानकारी जनगणना के आंकड़ों को विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से निर्धारित समय में स्व-गणना करने के साथ ही घर पहुंचने वाले प्रगणकों को भी पूरा सहयोग देने की अपील की।
उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की जा सकती है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय इवा आशीष श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








