
महिला ने राजेश डोडी पर विश्वास में लेकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और संपत्ति हड़पने की साजिश का लगाया आरोप, बच्चों समेत जान का खतरा बताया
देहरादून 16 नवंबर। चार साल से लापता पति की संपत्ति के कथित फर्जी हस्तांतरण और दस्तावेजों में जाली हस्ताक्षर किए जाने का मामला सामने आया है। धामावाला बाजार निवासी डिंपल बोबल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्वयं व अपने दो बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में डिंपल बोबल ने बताया कि उनके पति अमित बोबल 22 जून 2022 को ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे हुए हादसे के दौरान तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे। घटना में उन्हें और उनके बड़े बेटे को बचा लिया गया, लेकिन पति का आज तक पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में लक्ष्मण झूला थाने में गुमशुदगी दर्ज है।
महिला का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद उनकी असहाय स्थिति का फायदा उठाकर पति के परिचित राजेश डोडी ने भाई जैसा विश्वास हासिल किया। इसी दौरान उसने उनसे कई बार कोरे कागजों और खाली स्टांप पेपरों पर हस्ताक्षर कराए और नगदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा संपत्ति के मूल दस्तावेज अपने पास रख लिए। आरोप है कि मांगने के बावजूद ये सामान और दस्तावेज वापस नहीं किए गए।
डिंपल बोबल के अनुसार, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनके लापता पति के नाम पर बालावाला और ग्राम द्वारा स्थित जमीन के विक्रय पत्र एवं बंधक पत्र पंजीकृत कराए गए हैं। इन दस्तावेजों में पति के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जबकि वह जून 2022 से लापता हैं। उन्होंने दस्तावेजों में दर्शाए गए हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराने और पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल करने की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि संबंधित दस्तावेजों में उन्हें गवाह के रूप में दर्शाया गया, जबकि उन्हें उनकी वास्तविक प्रकृति और उद्देश्य की जानकारी नहीं थी।
महिला ने आरोप लगाया कि अपने दस्तावेज और आभूषण वापस मांगने पर उन्हें गाली-गलौज की गई तथा बंदूक होने की बात कहकर उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर 2026 को थाना रायपुर में शिकायत दी थी। इसके बाद एसएसपी देहरादून को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने, एसआईटी अथवा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराने और संपत्ति के दस्तावेज तैयार करने व पंजीकृत कराने में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है। इसके साथ ही अपने आभूषण, नगदी, मूल दस्तावेज, हस्ताक्षरित चेक और अन्य कागजात वापस दिलाने तथा संपत्तियों के कथित अवैध हस्तांतरण और कब्जे पर रोक लगाने की मांग भी की है।
डिंपल बोबल ने कहा कि पति के लापता होने के बाद वह पहले ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रही हैं। अब बच्चों के भविष्य और अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें और उनके बच्चों को सुरक्षा तथा न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।








