
देहरादून 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ओएनजीसी के डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई और युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए जनजागरूकता का महत्वपूर्ण अभियान है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी जागरूक करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों से नशामुक्ति का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचाना होगा। युवाओं को इस अभियान में केवल सहभागी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनकर सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही जनजागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। नशे की लत से प्रभावित लोगों को सही मार्गदर्शन, परामर्श, उपचार और परिवार का भावनात्मक सहयोग मिलना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा सकारात्मक सोच और अच्छी संगति अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति के आचार-विचार और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने सभी से ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल और ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






