अवैध निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 16 अक्टूबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इंजीनियर्स एन्कलेव के कावली क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्राधिकरण के अनुसार मिलन विहार के सामने इंजीनियर्स एन्कलेव में अनिल सक्सेना एवं अन्य की ओर से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए टिन शेड और कमरों का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण के लिए आवश्यक मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। मामले में प्राधिकरण ने संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया शुरू की थी।

12 अक्टूबर को हुई सुनवाई में संबंधित पक्ष आवश्यक स्वीकृति से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। प्राधिकरण ने जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया। इसके बाद नियमानुसार मौके पर किए गए निर्माण को सील करने की कार्रवाई की गई।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास के लिए बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक मानचित्र और अनुमतियां प्राप्त कर लें।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माण के मामलों में संबंधित पक्ष को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें