
नैनीताल से चमोली तक आठ जिलों और आठ प्रकोष्ठों का सौंपा गया प्रभार
देहरादून/सितारगंज 30 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड ने प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए जिलों और प्रकोष्ठों के प्रभार तय किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश प्रकोष्ठ-संकुल समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
नए संगठनात्मक दायित्व के तहत प्रदेश प्रकोष्ठ-संकुल सह-समन्वयक खूब सिंह ‘विकल’ को आठ जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें नैनीताल, रानीखेत, पिथौरागढ़, चंपावत, हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली शामिल हैं। उन्हें इन जिलों में पार्टी के संबंधित प्रकोष्ठों की गतिविधियों के संचालन, समन्वय और संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा गया है।
इसके साथ ही विकल को चिकित्सा, पूर्व सैनिक, गोरखा, आर्थिक, खेलकूद, व्यापार, पंचायत और लघु उद्योग समेत आठ प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी भी मिली है। नियुक्ति और कार्य विभाजन से संबंधित जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को भी भेजी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर खूब सिंह ‘विकल’ ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रकोष्ठ-संकुल समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी समेत पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।
विकल ने कहा कि उनका मुख्य फोकस प्रकोष्ठों को केवल बैठकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाना रहेगा। संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाते हुए प्रकोष्ठों को प्रभावी ढंग से सक्रिय किया जाएगा। नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके गृह क्षेत्र सितारगंज सहित प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी।









