हल्द्वानी 6 सितंबर। ज्योलीकोट क्षेत्र के कई गांवों में पीलिया और डायरिया के मामले सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने एहतियातन क्षेत्र के कई स्कूलों को अग्रिम आदेशों तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। बीमारियों के तेजी से फैलने से स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट के निर्देशानुसार क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ज्योलीकोट क्षेत्र में पीलिया और डायरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
अग्रिम आदेशों तक बंद रहने वाले विद्यालयों में राजकीय इंटर कॉलेज ज्योलीकोट, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज्योली, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज्योलीकोट, राजकीय प्राथमिक विद्यालय गांजा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छीड़ागांजा, हिमालयन एकेडमी ज्योलीकोट, सेंट एंथोनी कॉन्वेंट ज्योलीकोट, सेंट एंथोनी कॉलेज ज्योलीकोट, बाल संसार स्कूल ज्योलीकोट और नेचर वैली इंटरनेशनल स्कूल सरियाताल शामिल हैं।
इसके अलावा ज्योली, ज्योलीकोट, सरियाताल, भल्यूटी और बेलुवाखान के आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अग्रिम आदेशों तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।









