
SIR की समीक्षा में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश, फार्म 6, 7 और 8 के मामलों का एक सप्ताह में निस्तारण करने को कहा
देहरादून 31 अगस्त ।प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अनमैप्ड और विसंगति वाले मतदाताओं की सुनवाई में तेजी आई है। अब तक ऐसे करीब 94 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करते हुए फार्म 6, 7 और 8 से संबंधित मामलों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारियों ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए अब तक की गई कार्रवाई तथा शेष मामलों की सुनवाई को लेकर जिलेवार विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड और विभिन्न विसंगतियों के मामलों में कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। वहीं, करीब 1 लाख 10 हजार मतदाता किसी कारणवश निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुनवाई से वंचित रहे सभी मतदाताओं को दोबारा अवसर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे और आपत्तियों की नियमानुसार तथा समयबद्ध तरीके से सुनवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों से फार्म 6, फार्म 7 और फार्म 8 के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की स्थिति की भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।









