चमोली में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली, 20 अगस्त। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB), देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, गोपेश्वर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रेस क्लब संरक्षक क्रांति भट्ट और PIB के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रीयाल ने किया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों और जीआई टैगिंग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी साझा करने के साथ लाभार्थियों के अनुभव भी प्रस्तुत किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जिले के समग्र विकास में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएं, ताकि गांवों में अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि कई योजनाओं की जानकारी लोगों तक पर्याप्त प्रचार-प्रसार के अभाव में नहीं पहुंच पाती। मीडिया के सहयोग से योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने जिले में पत्रकारों की सकारात्मक एवं जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने PIB और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से तथ्यात्मक एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अभियान के तहत 140 नारकोटिक्स किट वितरित की गई हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘राहगीर योजना’ के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार दिया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बालिकाओं के लिए संचालित नंदा गौरा योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की। सहायक निदेशक मत्स्य नितेश कुमार चंद्र ने मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत ट्राउट उत्पादन और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्त भारत अभियान, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा नशामुक्ति केंद्रों एवं काउंसलिंग सेवाओं के बारे में बताया। जिला उद्यान अधिकारी नितेंद्र सिंह ने चमोली के स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी और किसानों को मशरूम तथा कीवी उत्पादन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे ने ई-20 पेट्रोल के लाभ और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चावल, मक्का और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों का इस्तेमाल ई-20 ईंधन के उत्पादन में किया जाता है।
योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उद्देश्य
PIB के सहायक निदेशक एवं कार्यक्रम आयोजक संजीव सुंद्रीयाल ने कहा कि सीमांत जिले चमोली में ‘वार्तालाप’ आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रमाणिक और तथ्यात्मक जानकारी मीडिया के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का एक अन्य उद्देश्य चमोली के स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को बढ़ावा देना तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लोगों तक अधिकतम लाभ पहुंचाना है। स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। मीडिया के माध्यम से सही और प्रमाणिक जानकारी गांव-गांव तक पहुंचने से पात्र लाभार्थियों के लिए योजनाओं का लाभ लेना आसान होगा।
कार्यशाला में अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

Leave a Comment

और पढ़ें