सेवाभाव और कर्तव्यबोध को मार्गदर्शक मंत्र बनाएं : उपराष्ट्रपति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मसूरी, 20 अगस्त 2026। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) मसूरी में 2024 बैच के आईएएस अधिकारी प्रशिक्षुओं के फेज-2 प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से सेवाभाव और कर्तव्यबोध को अपने कार्य का मार्गदर्शक मंत्र बनाने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि सिविल सेवाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने में सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास समावेशी हो।
उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय टीम एक्सीलेंस पर जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशासन के लिए मजबूत और समन्वित टीम बनाना, सहयोगियों को प्रेरित करना तथा पूर्व अधिकारियों की अच्छी कार्यप्रणालियों को आगे बढ़ाना जरूरी है।
उपराष्ट्रपति ने 2024 बैच में करीब 41 प्रतिशत महिला अधिकारियों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए इसे नारी शक्ति का प्रभावी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा रूढ़ियों से ऊपर उठती है और दृढ़ संकल्प बाधाओं को पार करता है।
उन्होंने अधिकारियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से प्रशासन में पारदर्शिता, दक्षता और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर की जा सकती है। इसके साथ ही अधिकारियों को निरंतर सीखने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार रखने की जरूरत है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि लोक सेवा की बुनियाद चरित्र और ईमानदारी है। सच्चा नेतृत्व पद या शक्ति से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी नैतिक निर्णय लेने की क्षमता से मापा जाता है।उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से देश के दूरदराज क्षेत्रों में लोगों का जीवन बेहतर बनाने और प्रत्येक नागरिक की शिकायत को सुनकर उसे सशक्त बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और एलबीएसएनएए के निदेशक डॉ. बी. राजेंद्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें