परीक्षाफल सुधार परीक्षा का रिजल्ट जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामनगर/देहरादून, 19 अगस्त। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। सुधार परीक्षा के बाद बोर्ड परीक्षा के कुल परिणाम में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 फीसदी से बढ़कर 96.07 फीसदी, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 85.11 फीसदी से बढ़कर 91.80 फीसदी हो गया है।

परिषद के सभापति एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा वीपी सिमल्टी ने बताया कि परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2026 (प्रथम) के तहत हाईस्कूल का कुल परिणाम 83.13 फीसदी रहा। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.61 और बालिकाओं का 84.34 फीसदी रहा। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 73.35 फीसदी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 71.20 और बालिकाओं का 76.07 फीसदी रहा।

सुधार परीक्षा के बाद हाईस्कूल में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 फीसदी हो गया है। इसमें 93.94 फीसदी बालक और 98.14 फीसदी बालिकाएं शामिल हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत बढ़कर 91.80 फीसदी हो गया है। इसमें 89.26 फीसदी बालक और 94.16 फीसदी बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं।

परिषद ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2025 (तृतीय) का परिणाम भी जारी किया है। इसमें हाईस्कूल का कुल परिणाम 66.67 फीसदी रहा, जिसमें बालकों का 71.88 और बालिकाओं का 57.89 फीसदी परिणाम रहा। इंटरमीडिएट में कुल 58.70 फीसदी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 61.54 और बालिकाओं का 55 फीसदी रहा।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुधार परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो मुख्य बोर्ड परीक्षा में किसी विषय में अनुत्तीर्ण रह गए हों या अपने अंकों में सुधार करना चाहते हों। यह परीक्षा विद्यार्थियों को मेहनत के बल पर बेहतर परिणाम हासिल करने का एक और अवसर देती है।

Leave a Comment

और पढ़ें