तमक नाले में लापता हवलदार पंकज की तलाश में अत्याधुनिक रडार से सर्च अभियान तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली, 16 अगस्त। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन के हवलदार पंकज की तलाश में रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन कर रही हैं।

लापता हवलदार पंकज सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात थे। तेज बहाव की चपेट में आने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। उनकी तलाश में नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं, नदी किनारों और अन्य संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है।
सर्च अभियान में तीन एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स और 123 इकाई के 50 से अधिक जवान जुटे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें, दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग तथा ड्रोन की मदद से भी दुर्गम क्षेत्रों में तलाश की जा रही है।
भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर से हटाकर नीचे और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की जा रही है। अभियान में Ground Penetrating Radar (GPR) समेत अत्याधुनिक सर्च एवं डिटेक्शन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नाले से आगे नदी के दोनों किनारों पर भी सर्च अभियान का दायरा बढ़ाया गया है।
प्रशासन ने संभावित सभी स्थानों को चिन्हित कर क्रमवार सर्चिंग के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी क्षेत्र जांच से छूट न जाए। जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। तमक नाले से लेकर नदी के किनारों तक हवलदार पंकज की तलाश लगातार जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें