राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया श्रद्धासुमन अर्पित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र और प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत और सूचना क्रांति का जनक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना तकनीक को बढ़ावा देने के साथ पंचायतों को अधिकार सम्पन्न बनाने और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। उनके प्रयासों से देश में सूचना क्रांति और तकनीकी विकास की मजबूत नींव रखी गई।

सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। सूचना तकनीक, पंचायतों की स्वायत्तता और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी के क्षेत्र में उनके कार्य मील का पत्थर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत और विकसित भारत के निर्माण का सपना पूरा करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में राजीव गांधी के जीवन और उपलब्धियों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘राजीव गांधी अमर रहें’ सहित नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह समेत कांग्रेस और सेवादल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें