
91 दिनों से एकता विहार में धरने पर बैठे हैं मेडिकल लैब तकनीशियन
हल्द्वानी, 16 अगस्त 2026। बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी के लाखनमंडी, चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि डिग्रीधारी बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियन पिछले 26 वर्षों से रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संघ के अनुसार, प्रदेशभर के डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 91 दिनों से एकता विहार धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। इसके बावजूद अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय या सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने और डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मांगों पर शीघ्र उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में पंकज थुवाल, धर्मेंद्र वालिया, विजय पांडे, गौरव मेवाड़ी, प्रदीप जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उम्मीद जताई कि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों को राहत और न्याय दिलाएगी।









