
देहरादून/नई दिल्ली। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में एनसीसी के विस्तार, सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक ने अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण ढांचे को मजबूत करने और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने वाला एक प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों को राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे राज्य के युवाओं को नेतृत्व विकास, प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर मिल सकेंगे।








