नई दिल्ली, 5 अगस्त। भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मिले ₹2.93 लाख करोड़ के बजटीय आवंटन में से जुलाई 2026 तक ₹1.14 लाख करोड़ से अधिक, यानी लगभग 39 प्रतिशत राशि खर्च कर दी है। यह जानकारी रेल मंत्रालय ने जारी की है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, रेलवे सुरक्षा के लिए विकसित कवच 4.0 प्रणाली को अब तक 2,633 रूट किलोमीटर पर सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है। इसमें दिल्ली-मुंबई मार्ग के 1,423 रूट किलोमीटर और दिल्ली-हावड़ा मार्ग के 1,210 रूट किलोमीटर शामिल हैं। जून 2026 तक कवच परियोजना पर ₹3,875 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं।
रेलवे ने क्षमता विस्तार के तहत लगभग 40,000 किलोमीटर नेटवर्क से जुड़े 514 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनकी अनुमानित लागत ₹8.31 लाख करोड़ है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेल नेटवर्क का विस्तार, यातायात क्षमता में वृद्धि और परिचालन दक्षता को मजबूत करना है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, रेलवे कर्मचारियों के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों और गति शक्ति विश्वविद्यालय के माध्यम से हर वर्ष करीब 6 लाख रेल कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर उनकी पेशेवर दक्षता बढ़ाई जा रही है।








