देहरादून 31 जुलाई ।उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के पदभार ग्रहण करने के बाद कर्मचारियों के लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में तेजी आई है। निगम प्रबंधन ने एक माह के भीतर पदोन्नति, स्थायीकरण, वित्तीय स्तरोन्नयन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े कई मामलों का समाधान किया है।
यूपीसीएल के अनुसार विभिन्न संवर्गों के 27 कर्मचारियों को पदोन्नति, 37 सहायक अभियंताओं एवं सहायक लेखाकारों का स्थायीकरण तथा 36 कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन प्रदान किया गया है। इसके अलावा लगभग 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का भी तेजी से निस्तारण किया गया है।
अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक ने बताया कि इन सभी मामलों से संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मानव संसाधन विभाग ने समयबद्ध कार्रवाई की है।
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यूपीसीएल ने 75 सहायक लेखाकार पदों पर सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। वहीं सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन और सहायक भंडारी समेत करीब 115 अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।यूपीसीएल की विभिन्न यूनियनों और कर्मचारी संगठनों ने कर्मचारियों के हित में उठाए गए इन कदमों पर प्रबंधन और प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी का आभार व्यक्त किया।







